
Deoghar: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र से एक युवक के अपहरण और फिरौती मांगे जाने का मामला सामने आया है।

बताया जा रहा कि अपहरणकर्ताओं ने युवक को अगवा कर उसकी पत्नी से फिरौती मांगी है। घटना को लेकर मोहनपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

मामला थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव निवासी तिजारत अंसारी ने दर्ज कराया है।
दर्ज मामले में अमित यादव, ललित यादव, अमित यादव, दीपू यादव, बंटी यादव, विक्की यादव व अज्ञात को आरोपित बनाया गया है। आरोप है कि ये सभी तिजारत को अगवा कर तिलकपुर गांव के पास जंगल में ले गए। जहां उसकी पत्नी का नंबर मांगा और उसपर कॉल कर 1.60 लाख फिरौती देने को कहा। फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। जब उसकी पत्नी और भाई कुछ रुपए लेकर गए तो उनलोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए मारपीट की। साथ ही गले से चांदी का चेन और मोबाइल छीन कर जान से मारने की कोशिश की।
इसी बीच आरोपियों के मोबाइल पर किसी का फोन आया और बताया गया कि पुलिस उन लोगों को खोज रही है। उसके बाद वे लोग उसे छोड़कर वहां से भाग गए।
इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


