
Gumla: बुधवार दोपहर कामडारा-बेड़ो मुख्य पथ पर कोटबो मोड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में दो शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान केनालोया निवासी राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सेमरटोली के सरकारी शिक्षक धनेश्वर गोप और सेमरटोली निवासी पारा शिक्षक बहुरन सिंह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों शिक्षक एक ही बाइक पर सवार होकर जनगणना कार्य के सिलसिले में कामडारा बीआरसी जा रहे थे। इसी दौरान कोटबो मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही लाल रंग की एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों शिक्षक बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कामडारा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कामडारा में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि शिक्षक धनेश्वर गोप की मौत रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बहुरन सिंह को आक्सीजन सपोर्ट पर गुमला सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने भी रास्ते में दम तोड़ दिया।
इधर, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया और लतरा-कोंसा की ओर भाग निकला। जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


