
Deoghar: देवघर-जमुई मुख्यमार्ग पर जसीडीह थाना क्षेत्र के डिगरिया पहाड़ी के पास एक अनियंत्रित एक्सयूवी वाहन के चालक ने तेजगति से गाड़ी चलाते हुए सामने से आ रही एक आर्टिका वाहन में जोरदार धक्का मार दिया।

इस घटना में आर्टिका वाहन पर सवार एक 65 वर्षीय महिला श्रद्धालु वीणा शर्मा की मौत हो गयी जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों में नचिकेता, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी, दिलखुश और मोना के नाम शामिल हैं। सभी बिहार के समस्तीपुर जिला के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के चकसलेम मोहल्ला के रहने वाले हैं।

बताया जाता है कि जानकारी मिलते ही जसीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एक श्रद्धालु के वाहन से इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने देखने के बाद वीणा शर्मा को मृत घोषित कर दिया। धक्का मारने के वाले वाहन को जसीडीह पुलिस ने जब्त कर लिया है।
घटना की बावत मृतक के परिजनों ने बताया कि वे लोग आर्टिका वाहन से पूजा करने शनिवार को देवघर आये थे। रविवार को बासुकीनाथ से पूजा अर्चना कर वापस घर लौट रहे थे। उसी दौरान जसीडीह थाना क्षेत्र के डिगरिया पहाड़ी के पास सामने से तेजगति से आ रही एक्सयूवी वाहन संख्या जेएच 15 एडी 7182 ने उनकी कार में जोर दार धक्का मार दिया।
इस घटना में एक परिवार के पांच सदस्य घायल हो गये, जबकि एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी। इधर सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाधाम ओपी पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।


