
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बाजला चौक के पास सड़क किनारे खड़ी कार से शुक्रवार की देर रात को मोबाइल चोरी करते चोर पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया।

मोबाइल चोरी को लेकर नगर थाना में बिहार के जमुई जिला के नगर थाना क्षेत्र के खैरमा निवासी मंजीत कुमार साव शिकायत देने पहुंचा तो उससे मोबाइल खोने पाने का फार्म भरा लिया गया।

बताया कि वह अपने वाहन से बच्चे का इलाज कराने बाजला चौक स्थित एक डॉक्टर के यहां आया था। देर रात को वाहन को बाजला कॉलेज के पास सड़क किनारे लगा कर उसी में सो रहा था, कार का शीशा खुला हुआ था। उसी दौरान देर रात को पल्सर बाइक पर सवार दो चोर वहां पंहुचे और कार के खिड़की से मोबाइल चोरी कर फरार हो गये।
कुछ देर बाद जब उसकी निंद खुली तो मोबाइल गायब पाया। वहीं पास लगे जब सीसीटीवी फुटेज में देखा तो दो चोर कार के पास आकर चोरी करते दिखे। दोनों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गयी है। नगर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।


