
Deoghar: देवघर शहर के शिवलोक परिसर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर और श्री श्री 1008 बजरंगबली पूजा समिति, बजरंगी चौक में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
विधि विधान से हुआ बजरंगबली का अभिषेक

हनुमानगढ़ी शिवलोक परिसर में सुबह 11 बजे आचार्य सुमन झा,राजेश नरोने और दीपक श्रृंगारी के सान्निध्य में पवनपुत्र हनुमान का दूध, दही, घी और मधु,पंचामृत से भव्य अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात विशेष पूजन कर प्रभु को लड्डू का भोग लगाया गया।

इस अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में समिति के सदस्य अभिषेक मिश्रा,प्रकाश मंडल,मोनू केसरी,अभय आनंद झा,गुड्डू चौरसिया, विजय पांडे, पंकज रजक,सागर और पंकज सिंह सोनू रजक शामिल हुए।
फूलों और गुब्बारों से सजा मंदिर परिसर
जन्मोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्पों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से भव्य रूप से सजाया गया था, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। शाम के समय पूरा परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच भारी मात्रा में हलवा और लड्डू का प्रसाद वितरण किया गया।हनुमान जन्मोत्सव के इस सफल आयोजन में पूजा समिति के सभी सदस्यों और मोहल्ले वासियों का सराहनीय योगदान रहा।


