
Deoghar: देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 10वीं राष्ट्रीय जूनियर सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता स्व0 बाबू बेदानंद सिंह/इंदु देवी स्मृति के सफल आयोजन को लेकर कुमैठा, देवघर में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने की। बैठक में आगामी 2 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक कुमैठा, देवघर के सागदाह मैदान में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मौके पर देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से बालक एवं बालिका अंडर-19 जूनियर टीमें देवघर पहुंच चुकी हैं और प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 2 अप्रैल को सागदाह मैदान, कुमैठा में किया जाएगा, जबकि फाइनल मुकाबला 4 अप्रैल को खेला जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मैचों का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा ताकि खेल प्रेमी इसका आनंद ले सकें।
अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने आगे कहा कि यह प्रतियोगिता देवघर के लिए गौरव का विषय है और इससे जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने सभी खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन देवघर जिला उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया जाएगा ।
वहीं झारखंड राज्य सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के महासचिव संजीव कुमार झा ने कहा कि झारखंड को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना अत्यंत गर्व की बात है।
उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न होगी और राज्य की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाएगी।
बैठक में संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।



