
Asansol: आने वाली गर्मियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इस पहल से लंबी दूरी के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

आसनसोल रेल मंडल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 05060 लालकुआं–कोलकाता स्पेशल ट्रेन का परिचालन 2 अप्रैल 2026 से 25 जून 2026 तक कुल 13 ट्रिप के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 13:35 बजे लालकुआं से प्रस्थान कर अगले दिन रात 23:55 बजे कोलकाता पहुंचेगी।

वहीं वापसी में 05059 कोलकाता–लालकुआं स्पेशल ट्रेन 4 अप्रैल 2026 से 27 जून 2026 तक (13 ट्रिप) प्रत्येक शनिवार को सुबह 05:00 बजे कोलकाता से खुलेगी और अगले दिन 15:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी। यह ट्रेन पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान श्रेणी और वातानुकूलित (एसी) कोच की व्यवस्था की है, ताकि हर वर्ग के यात्री आरामदायक यात्रा कर सकें।
इसके अलावा, रेलवे ने पटना–हावड़ा रूट पर भी यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए 02024/02023 पटना–हावड़ा–पटना स्पेशल ट्रेन सेवा को जारी रखने का निर्णय लिया है। 02024 पटना–हावड़ा स्पेशल ट्रेन 5 अप्रैल 2026 से 28 जून 2026 तक (13 ट्रिप) प्रत्येक रविवार को संचालित होगी। वहीं 02023 हावड़ा–पटना स्पेशल भी इसी अवधि में हर रविवार को अपने निर्धारित समय और ठहराव के साथ चलेगी।
रेलवे पदाधिकारियों का कहना है कि गर्मियों के दौरान यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को न केवल अतिरिक्त सीटों की उपलब्धता होगी, बल्कि भीड़भाड़ से भी राहत मिलेगी।



