
Ranchi: झारखंड राज्य में गुरुवार यानी आज मौसम (Weather) का मिजाज पूरी तरह बिगड़ा रहेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण कई जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert in Jharkhand) जारी किया गया है। दोपहर बाद 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
ओलावृष्टि की संभावना
रांची, धनबाद, दुमका, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, कोडरमा, बोकारो, चतरा, रामगढ़ और हजारीबाग में आंधी के साथ ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका अधिक है।
वहीं खूंटी, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलेगी।
कई जगहों पर मेघ गर्जन और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
किसान बरतें विशेष सतर्कता
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। वज्रपात और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है, इसलिए खेतों में जाने से बचने को कहा गया है।
तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं के चलते लोग घरों में ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गयी है।
22 मार्च से हो सकता है साफ मौसम
मौसम विभाग ने 22 मार्च से मौसम के साफ और शुष्क होने की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और मौसम सामान्य हो जाएगा।


