
Deoghar News : देवघर पुलिस प्रशासन द्वारा आम जनता, विशेषकर छात्राओं एवं महिलाओं को कानूनी जानकारी देने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम के तहत बुधवार को जिला के देवीपुर थाना अंतर्गत स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में देवघर पुलिस की टीम ने छात्राओं को तीन महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत रूप से जानकारी दिया। जिसमें साइबर फ्रॉड (साइबर धोखाधड़ी)को लेकर पुलिस टीम ने बताया कि कैसे साइबर अपराधी ओटीपी, केवाईसी अपडेट, लॉटरी लगने जैसे झांसे देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं।

छात्राओं को अनजान कॉल, लिंक और मैसेज से सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की जानकारी भी दी गई।
पोक्सो एक्ट बच्चियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार का असुरक्षित स्पर्श, छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार कानूनी अपराध है। इसके विरुद्ध बिना किसी डर के तुरंत अपने अभिभावक, शिक्षक या पुलिस को सूचित करना चाहिए। छात्राओं को यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क पर चलते समय हमेशा यातायात संकेतों का पालन करना चाहिए।
बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन नहीं चलना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचते हुए यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहकर एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को कानून के प्रति सजग बनाना एवं उन्हें आत्मसुरक्षा के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षिकाओं ने देवघर पुलिस प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।इस अवसर पर देवीपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा सहित अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित थे। मौके पर बताया गया कि देवघर पुलिस भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।



