
Ranchi: झारखंड राज्य में मौसम का मिजाज हर दिन बदल रहा है। किसी इलाके में तेज गर्मी और लू का असर है तो कहीं आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है।

रांची स्थित भारत मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार से राज्य के करीब 20 जिलों में तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है। कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है।
देवघर सहित इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च को रांची सहित खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज में आंधी के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे!
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
चार जिलों में बढ़ेगा तापमान, लू चलने की आशंका
दूसरी ओर गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में तापमान बढ़ने के साथ लू चल सकती है। मौसम विभाग ने पलामू और लातेहार के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट भी जारी किया है।
17 मार्च को तेज हवा और वज्रपात की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 मार्च को लगभग सभी जिलों में तेज हवा और वज्रपात की संभावना है, जबकि 18 मार्च को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर अन्य जिलों में बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ हवा चलने का अनुमान है।


