
Madhupur (Deoghar): देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र के जभागुड़ी पंचायत अंतर्गत लालपुर गांव में दो दिवसीय किसान मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि सूबे के कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मंत्री हफीजुल हसन ने फसल, हस्त शिल्प, बीज, पेंटिंग प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। ढ़ाब गांव के किसान सुबल प्रसाद सिंह द्वारा उपजाया गया 5 फुट 9 इंच के कद्दू की सराहना मंत्री ने की। तुलसी यादव, लुकमान अंसारी का पपीता भी आकर्षण का केन्द्र बना रहा। किसान मेला में 25 विलुप्त धान बीज की प्रदर्शनी भी किसानों को लुभाती रही।
लालपुर की तरह मधुपुर के हर गांव को हरापुर बनाने की होगी कोशिश

इस मौके पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि लालपुर की तरह हर गांव में हरियाली हो इसका प्रयास करूंगा। लालपुर की तरह मधुपुर के हर गांव को हरापुर बनाने की दिशा में हमारा प्रयास होगा।
मंत्री ने कहा कि जल संसाधन विभाग द्वारा सिंचाई के लिए बहुत सारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। पीरटांड में 620 करोड़ की लागत से 120 तालाब में पानी का स्टाक रखा जाएगा, ताकि किसानों को जरूरत के हिसाब से पानी मिले। मधुपुर क्षेत्र में 70 चेक डैम और तालाब का काम चल रहा है। बुढ़ई डैम के आकार को छोटा किया गया है ताकि किसी किसान की जमीन नहीं जाए और वह विस्थापित न हो।

मंत्री ने कहा कि राज्य में वर्षा जल संरक्षित करने का प्रयास जारी है। क्षेत्र में एक माह के अंदर 50 सड़क का निर्माण शुरू होगा। उन्होंने मरगोमुण्डा, बाघशिला मे हो रहे सामूहिक खेती को प्रेरणादायक बताया। बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सभी अभिभावक एक घंटा बाड़ी और एक घंटा पढ़ाई पर विशेष जोर दें। जब तक बौद्धिक विकास नहीं होगा समाज-घर का विकास नहीं होगा।

लालपुर में संपर्क पथ निर्माण का आश्वासन देते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता के हर सुख दुख में हमेशा खड़ा रहूंगा।
इस मौके पर पूर्व प्रमुख सुबल प्रसाद सिह ने लालपुर गांव में संपर्क पथ निर्माण की मांग मंत्री से की।


