
Deoghar: मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए एक अधेड़ की इलाज के क्रम में देवघर सदर अस्पताल में मौत हो गयी। मृतक बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवाडीह गांव का रहने वाला है। मृतक का नाम 52 वर्षीय द्वारीका प्रसाद यादव है।

बताया जाता है कि पुरानी रंजिश को लेकर 52 वर्षीय द्वारिका प्रसाद यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। जानकारी मिलते ही चन्द्रमंडी थाना प्रभारी गजेन्द्र कुमार सदलबल देवघर पहुंचे और परिजनों से घटना के बावत जानकारी ली। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

मृतक के पुत्र कुंदन यादव का आरोप है कि बुधवार की देर शाम बगल के गांव बर्नपुर निवासी पिंटू यादव ने उनके पिता को चिकन पार्टी के बहाने बुलाया। पिंटू का घर उनके घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर है। कुंदन ने बताया कि उनके पिता द्वारिका प्रसाद यादव और मंझले चाचा लालकिशोर यादव बाइक से वहां जा रहे थे। बाइक लालकिशोर यादव चला रहे थे, जबकि उसके पिता पीछे बैठे थे। तभी रास्ते में बांस की बाड़ी में पहले से घात लगाए बैठे संजय यादव सहित पांच से छह लोगों ने बाइक रोककर लाठी-डंडा, रॉड और कुदाल से हमला कर दिया।
हमले के दौरान मंझले चाचा किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन उनके पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उनके दोनों हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कुंदन यादव ने बताया कि संजय यादव उसके चचेरे चाचा हैं और पिछले दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कहा कि इलाज के दौरान उनके पिता ने संजय यादव का नाम लिया था। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडी थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ देवघर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक के शव को देवघर सदर अस्तपाल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।


