
Deoghar: एक बार चोरी करने के बाद भी मन नहीं भरा , जब दोबारा चोरी करने पहुंचा लेकिन धरदबोच लिया गया। यह घटना शुक्रवार को नगर थाना क्षेत्र के झौसागढ़ी मोहल्ला में घटी।

यहां जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर माधोपुर निवासी दीपक कुमार बरनवाल अपने ऑटो में थोक विक्रेता दुकान से साबुन से भरा कार्टून को लोड कर रहा था। उसी दौरान एक युवक ताक लगाए वहां मौजूद था। ऑटो चालक जैसे ही दुकान के अंदर दूसरा कार्टून अंदर से लाने गया। उसी बीच मौका देखकर साबुन से भरा कार्टून चोर ने चुरा लिया। युवक पहले से किसी दुकान में सेटिंग कर रखा था। वहां जाकर चुराए गए कार्टून को बेच भी दिया।

उधर जब चालक ऑटो में लोड किए गए कार्टून का मिलान करने लगा तो उसे कम मिला। चोरी की आशंका होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जाने लगा। जिस समय सीसीटीवी फुटेज देखा जा रहा था, ठीक उसी समय युवक दोबारा ऑटो से कार्टून निकालने का प्रयास करने लगा। इतना देखते ही दुकानदार सहित ऑटो चालक ने उसे धरदबोचा। पुलिस को बुलाया गया। उसे उस दुकान तक ले जाया गया, जहां उसने साबुन से भरे कार्टून की बिक्री किया था। लेकिन दुकान बंद था।
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।


