
Madhupur (Deoghar): व्हाट्सएप के माध्यम से दोस्ती के बाद यौन शोषण के मामले में पुलिस ने दुर्गापुर निवासी 21 वर्षीय युवक को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

घटना के संबंध में लालगढ़ निवासी महिला ने पुलिस को लिखित शिकायत कर कहा है कि उसकी 20 वर्षीय बेटी जन्म से ही मूक-बधिर है। मधुपुर के आसपास मूक बधिर का एक व्हाट्सएप ग्रुप चलता है। व्हाट्सएप के माध्यम से मेरी बेटी की दोस्ती आरोपी युवक से हुई, जो खुद मूक-बधिर है।

गत 26 जनवरी को दिन में 11 बजे दुर्गापुर निवासी युवक उसकी बेटी को बहला फुसलाकर शादी करने की नीयत से मोटरसाइकिल पर जबरदस्ती बैठकर अपने साथ कहीं ले गया और 27 जनवरी की शाम स्थानीय पंच मंदिर के पास युवती को छोड़कर भाग गया। युवती किसी तरह पंच मंदिर से अपने घर लालगढ़ पहुंची। आरोपी ने उसे काफी डराया धमकाया था जिसके कारण पीड़िता ने घर में कुछ नहीं बताया।
बाद में उसने इशारे में बताया कि युवक ने उसके साथ तीन बार जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इस मामले में दोनों पक्ष की ओर से पंचायती का प्रयास किया गया लेकिन सफल नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


