
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के दहीजोर गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित एक तालाब में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी।

बताया जाता है कि दहीजोर गांव निवासी शिवाजी कुमार का पुत्र शिवम कुमार सोमवार की दोपहर गांव के एक अन्य बच्चे के साथ खेलते हुए तालाब की ओर चला गया। खेलते खेलते अचानक उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में चला गया। साथ में मौजूद बच्चे ने उसे डूबते देखा, तो शोर मचाते हुए घर और आसपास के लोगों को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खोजबीन के बाद शिवम को तालाब से बाहर निकाला। उस समय वह अचेत हालत में था। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी मोहनपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक जांच की। लेकिन हालत गंभीर देख सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर, सदर अस्पताल में ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।डॉक्टर ने घटना की सूचना ओपी प्रभारी को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक बच्चे के पिता शिवाजी कुमार झारखंड पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में दुमका जिले में पदस्थापित हैं। वह परिवार को लेकर दुमका में ही रहते थे। शिवाजी गांव के ही विद्यालय में पुत्र का नामांकन कराने को लेकर पिछले दिनों परिवार के साथ घर लौटे थे।
बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


