
Dumka: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की तैयारी जोरों पर है। उपराजधानी दुमका में भी चुनावी माहौल के बीच नगर परिषद और बासुकीनाथ नगर पंचायत के लिए अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पदों पर नामांकन जारी है। इसी बीच बासुकीनाथ नगर पंचायत के वार्ड संख्या 8 से एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है।

यहां पति और पत्नी दोनों ने ही एक ही वार्ड से पार्षद पद के लिए शनिवार को नामांकन दाखिल कर दिया है। जिसके बाद सियासी रोमांच बढ़ गया है।

राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने एक ही वार्ड से चुनाव लड़ने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया है। पति और पत्नी के एक ही सीट से नामांकन करने से मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। वार्ड नंबर 8 पर सबकी नजरें टिक गई है।
इस पूरे मामले पर राजीव मिश्रा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और अर्धांगिनी के बिना किसी शुभ कार्य की शुरुआत नहीं की जाती। इसी सोच के तहत पति और पत्नी दोनों ने एक ही वार्ड से नामांकन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी एक का नामांकन रद्द होता है तो दूसरा चुनाव मैदान में रहेगा, और अगर दोनों के नामांकन वैध पाए जाते है तो समय आने पर दोनों में से कोई एक नामांकन वापस ले लेगा। किसका नामांकन वापस होगा, इस पर अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा।


