
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के नंदन पहाड़ मेसरा रेसिडेंसल स्कूल के समीप शुक्रवार को दिन दहाड़े रंगदारी की मांग को लेकर दर्जन भर अपराधियों ने एक स्कूटी शोरूम मालिक मनोज कुमार राम से रंगदारी की मांग को लेकर दहशत फैलाने के लिए खुलेआम हथियार लहराकर जान मारने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं घर के दरवाजे पर पत्थर बाजी भी किया था।

इस मामले में देवघर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गैंग के 12 अपराधियों को दबोच लिया। जिसमें शामिल आठ किशोर को निरूद्ध कर दिया अन्य चार को पुछताछ के बाद जेल भेज दिया।

जेल गये आरोपियों में नगर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक निवासी आलोक खवाड, माथाबांध निवासी प्रिंस शर्मा, राम मंदिर रोड झोंसागढ़ी निवासी विशाल कुमार और तीन नंबर फांड़ी बाभनबीघा निवासी छोटू कुमार के नाम शामिल हैं। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त दो बाइक को भी बरामद किया गया है।
रंगदारी की मांग को लेकर लहराया गया था हथियार-एसडीपीओ
देवघर नगर थाना में एक प्रेसवर्ता आयोजित कर सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सिविल लाइन नंदन पहाड़ रोड निवासी व्यवसायी मनोज कुमार राम से शुक्रवार को दिन दहाडे़ करीब 3.45 बजे बाइक सवार अपराधियों हथियार लहराकर एवं घर पर पत्थरबाजी गाली गलौज कर रंगदारी की मांग की थी। इसकी जानकारी एसपी सौरभ कि मिली और उन्होंने उनके नेतृत्व में टीम बनाकर घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। टीम द्वारा त्वरित कर्रवाई करते हुए घटना में शामिल आठ किशोर को निरूद्ध किया गया जबकी चार अपराधकर्मी को पुछताछ के बाद जेल भेज दिया। बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी एक गैंग के इशारे पर रंगदारी की मांग को लेकर दहशत फैलाने के लिये वहां पहुंचे थे। कहा कि मुख्य सरगना अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस छापेमारी में जुटी है
छापेमारी टीम में थे शामिल
छापेमारी टीम में नगर थाना प्रभारी पुनि राजीव कुमार, नगर थाना के पुअनि राजेन्द्र प्रसाद यादव, पुअनि संतोष कुमार मंडल, पुअनि मिथलेश कुमार, पुअनि मुकेश कुमार, पुअनि घनश्याम गंझु, सअनि अरविन्द कुमार, साक्षर आरक्षी राकेश कुमार सिंह, आरक्षी अभिषेक कुमार सहित थाना के जवान गणेश मंडल, संजय कुमार, ब्रजेश चौधरी, अशोक दास और हरिशचंन्द्र हेम्ब्रम शामिल थे।
व्यवसायी ने कराया मामला दर्ज
इस संबंध में नंदन पहाड़ सिविल लाइन निवासी व्यवसायी मनोज कुमार ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। जिसमें बरमसिया निवासी ओमशंकर महथा, करनीबाग निवासी सीताराम कुमार, कालीबाड़ी निवासी सोनू कुमार सिंह उर्फ लड्डू सिंह सहित अज्ञात को आरोपी बनाया है।
मामले मे कहा है कि 16 जनवरी के दिन करीब 3.45 बजे के आसपास अचानक चार बाइक पर सवार 10 से 12 युवक उसके घर पर आ धमके और दरवाजा पिटने लगे। इनलोगों के द्वारा गाली गलौज करते हुए जान मारने की धमकी दी गयी। वे उस वक्त अपने घर में थे। दो बदमाशों के हाथ में पिस्टल देखकर घर के अंदर दुबक गये। कहा है कि रंगदारी की मांग को लेकर उसके साथ इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है।
नगर थाना आर्म्स के एक्ट के तहत एक अन्य मामला थाना के एसआई राजेन्द्र प्रसाद के बयान पर दर्ज किया गया है। मामले में कहा है कि वे गश्ती पर थे। उसी दौरान सूचना मिली की नंदन पहाड़ इलाके में मनोज कुमार राम के घर पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा रंगदारी की मांग को लेकर पिस्टल के साथ गाली गलौज कर रहे हैं। उपरांत वे थाना के अन्य सहयोगियों के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस को देखते ही सभी युवक वहां से फरार हो गये। उपरांत जवानों द्वारा घटना में शामिल 12 अभियुक्त को खदेड़ कर दबोच लिया गया जिसमें आठ किशोर शामिल थे।


