
Nishikant Dubey targeted Bangladesh: पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा बढ़ रहा है, तब बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने बांग्लादेश पर भी निशाना साधा है।

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान के खिलाफ देश की जनता में पनपे आक्रोश के बीच, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बांग्लादेश पर निशाना साधा। उन्होंने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट किया, ‘बांग्लादेश भी बड़ा छटपट कर रहा है, उसको भी गंगा नदी का पानी बंद करने का समय आ गया है। पानी पीकर जीएगा हमसे, गाएगा पाकिस्तान से।’
बांग्लादेशी भी बड़ा छटपट कर रहा है,उसको भी गंगा नदी का पानी बंद करने का समय आ गया है, पानी पीकर जीएगा हमसे,गायेगा पाकिस्तान से
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) April 26, 2025

इसके बाद उन्होंने एक अंग्रेजी वेबसाइट की रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, ‘गंगाजल इन पापियों को?’
गंगाजल इन पापियों को? pic.twitter.com/uZ4vAUNpun
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) April 26, 2025
निशिकांत दुबे ने जिस रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है, उसके मुताबिक बंग्लादेश की अंतरिम सरकार के एक सलाहकार ने हाल ही में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ऑपरेटिव से मुलाकात की थी। रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के कानूनी सलाहकार डॉ. आसिफ नजरूल ने पहलगाम आतंकवादी हमले के एक दिन बाद ढाका में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सीनियर ऑपरेटिव इजहार से कथित तौर पर मुलाकात की थी। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि इस घटनाक्रम से भारत के खिलाफ उग्रवाद को बढ़ावा देने में ढाका की वर्तमान सरकार की संलिप्तता का संदेह पैदा होता है।
बता दें कि पहलगाम में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर के आतंकियों द्वारा 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या करने के बाद पूरा भारत में आक्रोश है। मोदी सरकार ने कहा कि इस हमले में शामिल आतंकियों के साथ उनके आकाओं को उनकी कल्पना से बड़ी सजा देंगे। केंद्र सरकार ने शुरुआती कदम उठाते हुए पाकिस्तान के साथ 1960 में हुए ‘सिंधु जल संधि’ को स्थगित कर दिया है। इसके अलावा अटारी चेक पोस्ट को बंद कर दिया गया है। पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी तहत के वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं। भारत ने पाकिस्तान से एक हफ्ते के अंदर नई दिल्ली स्थित अपने हाई कमीशन से सभी डिफेंस एडवाइजर्स को वापस बुलाने के लिए कहा है।


