
Deoghar : फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी सहित अन्य तरीके से लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने वाले 12 साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार होने वालों में कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह निवासी निरंजन कुमार पासवान, अमर कुमार दास, महेश दास, राहुल दास, बसमता निवासी मिथुन कुमार दास, करौं थाना क्षेत्र के बिरनगड़िया निवासी शौकत अंसारी, असरत अंसारी, पालोजोरी थाना इलाके के गुलालडीह निवासी पंकज कुमार, जैकी कुमार मंडल, सन्नी कुमार मंडल, सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के दौंदिया कुरूवा निवासी गफ्फार अंसारी तथा नुरूल अंसारी के नाम शामिल हैं।

इन गिरफ्तार आरोपितों के पास से 14 मोबाइल फोन व 16 सिम कार्ड और पांच एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। इन सभी की गिरफ्तारी पालोजोरी थाना क्षेत्र के तुरी पहाड़ स्थित जंगल-झाड़ से किया गया है।
गिरफ्तार आरोपित सन्नी कुमार मंंडल और राहुल कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज है। एसपी सौरभ को जंगल-झाड़ी में छिपकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की योजना बनाने के बारे में सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर एसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया। इसी आलोक में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक शिवनारायण कामत, पुलिस अवर निरीक्षक खुर्शीद आलम व पालोजोरी एवं सारठ थाना की टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के क्रम में 12 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपितों को थाना लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है।
आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


