
Deoghar News : देवघर जिले के जसीडीह थाना की पुलिस ने सिमेंट लदे ट्रक को लूटने के आरोप में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं इस घटना में शामिल दो किशोर को निरुद्ध किया गया है।

देवघर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों में उपेन्द्र कुमार और अनुराग कुमार यादव शामिल हैं। ये दोनों सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र के गगनपुर गांव का रहने वाले हैं। लूटा गया ट्रक पुलिस ने सिमेंट सहित बरामद कर लिया है।

पकड़े गए आरोपितों में उपेन्द्र इस घटना का मास्टरमाइंड है। वह भी खुद से ट्रक चलाने का काम करता है। इन लोगों ने मिलकर सिमेंट लदे ट्रक को लूटने की योजना बनायी। योजना थी कि लूटे गए सिमेंट व ट्रक को बेजकर पैसा कमाया जाए। योजना के तहत दो लोग बाइक पर सवार होकर और दो टोटो से जसीडीह पहुंचे।
सिमेंट लदा ट्रक जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट टोल टैक्स के पास सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। उक्त ट्रक का चालक रंजीत कुमार भी वहां मौजूद था। रंजीत भी चकाई का रहने वाला था। उपेन्द्र उसे पहले से जानता था। बदमाशों ने रंजीत को कब्जे में ले लिया।
उसके बाद उसके पास से दस हजार नकद ले लिया। वहीं ट्रक को छीनकर वहां से बदमाश फरार हो गए। ट्रक चालक ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी। ट्रक में जीपीएस लगा हुआ था।
इसी आधार पर पुलिस ने ट्रक का पीछा कर उसे चकाई थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से बरामद कर लिया। वहीं घटना में शामिल चारों लोग भी पकड़े गए। बताया जाता है कि ये ट्रक छत्तीशगढ़ की है। ट्रक में 700 बोरा 35 टन अल्ट्राटेक कंपनी का सिमेंट लोड किया गया था।
उक्त ट्रक छत्तीशगढ़ के रायपुर स्थित फैक्ट्री से सिमेंट लोड कर दुमका जा रहा था। इसी क्रम में लूट की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने इस घटना का उद्भेन कुछ ही घंटों के अंदर कर दिया।
छापेमारी दल में जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, एसआइ दिनेश कुमार यादव, रामानुज सिंह और एएसआइ चंदन कुमार साव व पुलिस कर्मी शामिल थे।
घटना को लेकर लूटे गए ट्रक के चालक के बयान पर जसीडीह थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


