
Deoghar: साइबर अपराध में संलिप्त ठग लोगों को तरह-तरह का प्रलोभन सहित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाते है । शिकार बने लोगों से अवैध तरीके से मोटी रकम की ठगी करते है।

साइबर थाना की पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई ने इन साइबर ठगों के मनसूबे पर पानी फेर रही है। साइबर थाना की पुलिस ने चार साइबर ठगों को ना केवल गिरफ्तार किया है बल्कि इनके पास से 13.12 लाख रुपये नकद राशि
भी बरामद किया है।

इसके अलावा सात मोबाइल फोन , छह सिम कार्ड व तीन एटीएम कार्ड भी बरामद किया है। गिरफ्तार होने वाले साइबर ठगों में दुमका जिला के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कपसियो गांव निवासी शिबा हांसदा, पालोजोरी थाना क्षेत्र के आसना निवासी बासुदेव कोल, मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के बागजोरा, मिश्राटांड़ निवासी लियाकत अंसारी व बांसजोड़ा गांव निवासी रहमत अंसारी शामिल है। साइबर थाना की पुलिस ने लियाकत अंसारी के पास से इतनी बडी रकम (13.12 लाख रुपये) बरामद किया है। जबकि रहमत के पास से एटीएम कार्ड बरामद किया गया है।
जंगल में छिपकर साइबर ठगी का शिकार बनाने की मिली थी सूचना
साइबर थाना की पुलिस को मारगोमुंडा थाना क्षेत्र स्थित कानो जंगल व पथरड्डा ओपी क्षेत्र के अलुवारा जंगल में कुछ संदिग्धों द्वारा बैंक, कस्टमर केयर सहित सरकारी पदाधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाने की योजना के बारे में जानकारी मिली।एसपी सौरभ ने साइबर थाना की पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निर्देश के आलोक में पुलिस निरीक्षक त्रिलोचन तामसोय, पुलिस अवर निरीक्षक बिशेश्वर कुमार व संजीव रंजन सहित जवानों ने स्थानीय थाना के साथ मिलकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान इन सभी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद सभी को पूछताछ के लिए साइबर थाना लाया गया।
पूछताछ के आधार पर लियाकत के पास से नकद राशि बरामद की गई। वहीं बरामद मोबाइल फोन को खंगाला जा रही है। उम्मीद है मोबाइल से साइबर अपराध से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगेगी।


