
Deoghar News : अगर आप सतर्क और सावधान नहीं है तो आप बड़ी मुसीबत में फस सकते है. आप एटीएम मशीन से रुपयों की निकासी करने गए हैं तो सतर्कता बेहद जरूरी है। खासकर जब आपका एटीएम मशीन में फंस गया हो।

यहाँ की गयी थोड़ी चूक आपकी सारी जमा पूंजी एक झटके में निकाल ली जा सकती है। वह भी तब जब मशीन में एटीएम कार्ड फंस गया हो और कार्ड को निकालने के लिए मशीन के पीछे अंकित फोन नंबर पर संपर्क करने पर।

ऐसा एक ही नहीं कई मामले सामने आए हैं। पहले कार्ड का एटीएम मशीन में फंस जाना, उसके बाद निकालने के लिए मशीन के पीछे दिए फोन नंबर से संपर्क करने के बाद कोई हल तो नहीं निकलता। फिर रुपयों की अवैध निकासी कर ली जाती है।
केस स्टडी : एक
शुक्रवार को इस तरह का ही मामला सामने आया। दुमका जिला के जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेहरबनी गांव निवासी सहदेव मरांडी का 65 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। वह शिकायत करने साइबर थाना पहुंचा। उसने बताया कि वह नेपाल में काम करता है। छुट्टी लेकर घर आ रहा है। ट्रेन से वह 16 नवंबर को जसीडीह पहुंचा।
स्टेशन से बाहर गाड़ी का इंतजार करने लगा। इसी बीच वह जसीडीह बाजार स्थित एसबीआइ एटीएम मशीन से रुपयों की निकासी करने गया। रुपए निकालने के क्रम में उसका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। निकालने का प्रयास किया लेकिन एटीएम मशीन से बाहर नहीं निकाला।
बाद में उसने मशीन के पीछे अंकित फोन नंबर पर संपर्क किया। फोन पर उसे दोबारा पिन नंबर डालने से कार्ड के बाहर निकल जाने की जानकारी दी गई। उसने ऐसा ही किया लेकिन कार्ड नहीं निकाला। दोबारा फोन किया तो उसे मिलने के लिए हनुमान नगर बुलाया।
जब वह बताए गए पते पर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। वह वापस अपने घर चला गया। इसी बीच उसके अकाउंट से 16 नवंबर को 16200, 17 नवंबर को 16400 और 8200, 18 नवंबर को 16200 और 8200 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
केस स्टडी : दो
बिजली विभाग से सेवानिवृत कर्मी बायपास रोड निवासी बचनदेव पाठक के खाते से कुछ इसी तरीके से 29 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई । वह नगर थाना क्षेत्र स्थित तिवारी चौक स्थित एसबीआइ एटीएम मशीन से रुपयों की निकासी करने गए थे।
निकालने के प्रयास में उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। मशीन के पास एक कागज में लिखे फोन नंबर पर संपर्क साधा। सामने वाले ने उन्हें कुछ प्रक्रिया अपनाने को कहा।
जब कुछ नहीं हुआ तो उन्हें एसबीआइ शाखा से संपर्क करने को कहा। इसी दौरान उनके एकाउंट से उक्त रकम की निकासी कर ली गई ।
केस स्टडी : तीन
जसीडीह के रामचंद्रपुर मोहल्ला के रहने वाले सेवानिवृत रेल कर्मी शंभूनाथ मुर्मू के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। उनके खाते से 115400 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
पीड़ित रामचंद्रपुर स्थित एसबीआइ एटीएम मशीन से रुपयों की निकासी करने गए। उन्होंने छह हजार रुपये की निकासी की लेकिन कार्ड मशीन में ही फंस गया।
काफी प्रयास के बाद भी कार्ड नहीं निकला। एटीएम मशीन के कोने में एक कार्टून में फोन नंबर अंकित था। फोन नंबर के नीचे परेशानी होने पर दिए गए नंबर पर संपर्क करने की बात लिखी गई थी। उन्हेंने उसी नंबर पर संपर्क स्थापित किया।
उन्हें एसबीआइ शाखा जाकर संपर्क करने की सलाह दी गई। एसबीआइ शाखा जाने के लिए वह मोटरसाइकिल लेने घर आ गए। जब बाइक लेकर वापस एटीएम मशीन के बाद पहुंचे तो उसे बंद पाया। कार्ड मशीन के अंदर ही फंसा हुआ था।
अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने मोबाइल से बैलेंस चेक किया तो जमा रकम कम होने का पता चला। बैंक पहुंचकर उन्होंने स्टेटमेंट निकाला तो पता चला कि उनके खाते से 115400 रुपये की निकासी कर ली गई है।



