
Deoghar Crime News : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एक युवक के अपहरण की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को गौरा जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। फिलहाल युवक से थाने में पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, जोगिया गांव निवासी 28 वर्षीय मुन्ना मंडल हर दिन की तरह सोमवार को घोरमारा स्थित एक पेड़ा दुकान में दैनिक मजदूरी करने गया था। देर रात करीब 10 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान देवघर–दुमका मुख्य मार्ग पर खरगडीहा गांव के पास अज्ञात अपराधियों ने उसे जबरन रोककर उसका अपहरण कर लिया।
परिजनों ने बताया की रात करीब एक बजे एक अनजान नंबर से घर पर फोन आया। कॉल करने वाले ने मुन्ना मंडल को छोड़ने के एवज में 9 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। परिजन भयभीत हो गए और तत्काल मोहनपुर थाना प्रभारी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आ गयी और मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की।
मंगलवार दोपहर तक पुलिस ने गौरा जंगल से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की भनक लगते ही अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली गई है। मामला दर्ज कर लगातार पुलिस छापेमारी कर रही है.


