
Deoghar: सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक 55 वर्षीय संजय उपाध्याय चकाई थाना क्षेत्र के मांझीटांड गांव के रहने वाले थे।

बाइक से देवघर आने के क्रम में चकाई बाजार से कुछ आगे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उनके दामाद दीपक कुमार पाठक के द्वारा इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां जांच करने के बाद डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि मृतक को देवघर के चरकी पहाड़ी इलाके में अपने ससुराल से जमीन मिला है। उस जमीन पर वे मकान बना रहे हैं। चल रहे काम को देखने के लिए वे देवघर आ रहे थे। इस दौरान हादसे में उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



