
Deoghar: 20 दिन पहले फेसबुक पर एक विदेशी महिला (UK) से दोस्ती हुई। दोस्ती कुछ कदर बढ़ गई कि विदेशी महिला यूके से भारत पहुंच गई और युवक उससे मिलने देवघर से रांची पहुंच गया। लेकिन युवक को विदेशी लड़की तो नहीं मिली, अलबत्ता उसने विदेशी महिला से मिलने के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई का 98500 रुपये गंवा दिया।

यह कहानी नहीं बल्कि हकीकत है। हनी ट्रैपिंग का शिकार बने युवक देवीपुर थाना क्षेत्र निवासी ने मामले को लेकर साइबर थाना पहुंचा। यहां उसने घटना की शिकायत की। पीड़ित का कहना है कि सोशल साइट फेसबुक पर एक विदेशी महिला से 20 दिन पूर्व दोस्ती हुई। 26 अगस्त को एक अंजान नंबर से उसे फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कर्मी बताया। उसने बताया कि विदेशी महिला उससे मिलने मुंबई एयरपोर्ट पहुंच चुकी है लेकिन उसके पास मुद्रा विनियम नहीं होने की वजह से उससे मिलने रांची एयरपोर्ट नहीं जा सकेगी।

पीड़ित युवक ने 26 अगस्त को विदेशी महिला के लिए रांची तक का एयर टिकट सहित अन्य चीजों के लिए 38500 और 4500 रुपये भेजा दिया। दूसरे दिन यानि 27 अगस्त को 15000 रुपये यूपीआइ के माध्यम से भुगतान कर दिया। फिर लड़की से मिलने रांची पहुंचा। जब यहां लड़की नहीं मिली तो बाद में युवक को हनी ट्रैप में फंसे होने का एहसास हुआ फिर उसने तुरंत टोल फ्री नंबर-1930 पर शिकायत रजिस्टर कराया।
इसके बाद साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराया। साइबर थाना की पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी है।



