
Legal Aid Clinic in Deoghar: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली के तत्वावधान में एवं देवघर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, देवघर अशोक कुमार के निर्देशानुसार “नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025” के अंतर्गत भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु विशेष पहल की गई है।

इस क्रम में शनिवार को स्मार्ट बाजार के निकट, शहीद आश्रम रोड, देवघर में एक लीगल ऐड क्लिनिक का उद्घाटन किया गया। यह क्लिनिक भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग, रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय सैनिक बोर्ड, राज्य सैनिक बोर्ड एवं जिला सैनिक बोर्ड के सहयोग से स्थापित किया गया है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, देवघर के सचिव संदीप निशित बारा ने जानकारी दी कि यह लीगल ऐड क्लिनिक भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को निःशुल्क एवं प्रभावी विधिक सहायता प्रदान करने के लिए समर्पित है, जिससे उन्हें त्वरित न्याय और विधिक समाधान सुलभ हो सके।
उद्घाटन समारोह के अवसर पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राम निवास सिंह, सचिव प्रवीण कुमार मंडल, मोती लाल मंडल एवं भगीरथ मंडल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
यह पहल न्याय तक समान पहुंच के उद्देश्य को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो न केवल सैनिक परिवारों को विधिक संरक्षण देगा, बल्कि उन्हें सामाजिक सम्मान एवं आत्मविश्वास भी प्रदान करेगा।


