
Deoghar: देवघर जिले में साइबर ठगों के खिलाफ चलाये गये लगातार अभियान के बावजूद साइबर ठगों का कारनामा थम नहीं रहा है। ताजा मामला जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के ठाढ़ीदुलमपुर निवासी मंजू देवी के साथ घटित हुआ है।

मंजू ने ऑनलाइन कुत्ते की खरीदारी की कोशिश की, जिसमें देवघर में कुत्ते की डिलीवरी के नाम पर 40 हजार रुपये की ठगी कर ली गयी।

पीड़िता ने इस संबंध में साइबर थाना में आवेदन देकर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध शिकायत दर्ज करायी है।
मंजू देवी ने अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने अपने परिवार के कहने पर एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये एक पालतू कुत्ते की बुकिंग की थी, जिसकी डिलीवरी उन्हें 23 जुलाई 2025 को होनी थी। उसी दिन सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें कॉल किया और खुद को डिलीवरी एजेंट बताते हुए कहा कि कुत्ते की डिलीवरी से पहले कुछ जरूरी चार्ज और सिक्योरिटी मनी की डिमांड कर दी। फोन करने वाले व्यक्ति ने यह भी कहा कि यदि वह अभी भुगतान करती हैं, तो उन्हें स्पेशल ऑफर भी मिलेगा और डॉग की डिलीवरी बिना किसी परेशानी के हो जायेगी। अज्ञात कॉलर की बातों में आकर महिला ने झांसे में आकर उसके द्वारा भेजे गये स्कैनर कोड पर चार-चार दफा में कुल 40,000 रुपये का भुगतान कर दिया।
रुपये भेजने के बाद मंजू देवी पूरे दिन इंतजार करती रहीं, लेकिन शाम तक कोई डिलीवरी नहीं हुई। जब उन्होंने फोन करने वाले के नंबर पर संपर्क किया तो वो उसने फिर से पैसे भेजने की डिमांड की। उसकी बात सुन कर महिला को लगा कि वो ठगी की शिकार हो गयी है। इसके बाद फोन करने वाले ने बार-बार फोन कर रहा है, मगर वो नहीं उठा रही है।



