
Deoghar: श्रावणी मेला के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इस वर्ष कई तरह के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत शहर के अंदर कई जगहों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक है।

यहां तक की ऑटो व टोटो के प्रवेश पर भी रोक लगा दिया गया है। जहां तहां गाड़ी पार्क करने पर भी रोक है। लेकिन कई वाहन चालक इन निर्देशों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं और उनके खिलाफ लगातार प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

इसके तहत 49 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इन वाहनों को या तो जब्त किया गया है या फिर इन वाहनों को अभियोजन के लिए कोर्ट भेज दिया गया है। इसमें एक दर्जन मोटरसाइकिल, एक मैजिक व 36 ऑटो व टोटो शामिल है। इन वाहनों पर नो इंट्री में प्रवेश व ओवरलाेडिंग के लिए कार्रवाई की गई है। ये कार्रवाई सेक्टर एक, सेक्टर दो, सेक्टर तीन, सेक्टर चार के पदाधिकारी के अलावा यातायात पुलिस द्वारा की गई है। वहीं इस बार वाहनों खासतौर पर बसों के रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए कई जगहों पर गाड़ियों की गति मापने के लिए विशेष कैमरे लगाए गए हैं।
तेज रफ्तार वाले वाहन की गति व नंबर इन कैमरों में कैद हो जाती है। उसी आधार पर इन वाहनों पर कार्रवाई की जाती है। इनमें अधिकांश बसें शामिल हैं। इस व्यवस्था के तहत 16 जुलाई को 62 और 17 जुलाई को 50 वाहनों के खिलाफ ओवर स्पीड के तहत कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन से सभी से अपील किया है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। ओवरलाेडिंग न करें। ज्यादा गति में वाहन का परिचालन न करें क्यों इससे हादसे के खतरा बना रहता है। लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक निर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं जिस कारण कार्रवाई की गई है।


