
Jasidih (Deoghar): देवघर के जसीडीह में रेलवे द्वारा निर्धारित सीमा क्षेत्र से बाहर ऑटो और टोटो चालकों से दबंगई कर निर्धारित टैक्स के नाम पर अवैध वसूली का सिलसिला बदस्तूर जारी है। जिससे इस क्षेत्र में ऑटो और टोटो चलाने वाले हलकान और परेशान है। इनका कहना है कि टैक्स के नाम पर रकम बढ़ाकर अवैध वसूली तो हो ही रही साथ ही विरोध करने पर मारपीट और जान मार देने की धमकी भी दी जाती है।

इनकी दबंगई से परेशान आकर टोटो चालकों द्वारा देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा से शिकायत की गई है।

जसीडीह के सभी रोजमर्रा कमाने वाले टोटो और ऑटो चालकों ने उपायुक्त को दिए आवेदन में कहा है कि चुन्नु सिंह और रणवीर सिंह दोनों वर्तमान निवासी मोहल्ला कजरीया कोलनी थाना जसीडीह के रहने वाले हैं। आरोप है कि ये दोनों सभी चालको से प्रतिदिन निर्धारित टैक्स 12/- रू० के स्थान पर 50/- रू० वसूलते है। इन दोनों के द्वारा वसूली करवाने के लिए चार-पाँच एजेंटो को रखा गया है। जिसमें मुख्य रूप से संदीप गुप्ता, छोटु दुबे शामिल है। जिनके द्वारा हर रोज रेलवे परिसर क्षेत्र से बाहर निकलकर जसीडीह-चकाई मोड़ पर या जसीडीह रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते में जबरन टोटो रोक 40 से 50 रुपए की अवैध वसूली की जाती है। विरोध करने पर ये लोग कुछ संदिग्ध किस्म के लोगों को फोन से तुरन्त बुलाकर मारपीट करते हैं और जान मारने तक की भी धमकी देते हैं।
टोटो चालकों का कहना है कि इनलोगों के आंतक और रंगदारी से तंग आकर सभी चालकगण अपने-अपने जान को हथेली में रख यह शिकायत-पत्र डीसी को सौंप रहे हैं। ताकि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले
इनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन से सभी ने निवेदन किया है कि जसीडीह बाजार के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर निर्धारित वसूली सीमा क्षेत्र एवं भाड़ा से संबंधित बड़ा सूचना पट्ट (बोर्ड) लगवाया जाय चूँकि जानकारी के अभाव में ये सभी धौंस जमाकर अवैध वसूली करते आ रहे हैं। साथ ही आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन की प्रतिलिपि मंत्री हफीजुल हसन, रेलवे मंडल प्रबन्धक, आसनसोल, चेयरमैन, देवघर नगर निगम, पुलिस अधीक्षक, देवघर, अनुमण्डल दण्डाधिकारी, देवघर और थाना प्रभारी, जसीडीह को भी भेजा गया है।



