
Deoghar: देवघर जिला अंतर्गत खोरीपानन ग्राम में झालसा के निर्देश पर संचालित एवं देवघर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में चलंत लोक अदालत- सह- विधिक जागरूकता वाहन के द्वारा ग्रामीणों के बीच विधिक जागरूकता का कार्य किया गया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के डिप्टी चीफ एलएडीसी राहुल कुमार सिंह, प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता- सह- मध्यस्थ राज कुमार शर्मा, पारा लीगल वालंटियर दीपक राम ने विधिक जानकारियां से लोगों को अवगत कराया एवं विधिक जानकारियां वाले पंपलेट को ग्रामीणों के बीच वितरित किया।

मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मध्यस्थ- सह- पैनल अधिवक्ता राज कुमार शर्मा ने विधिक सेवा प्राधिकार के गठन, उसके उद्देश्यों एवं कार्यकलापों पर प्रकाश डाला एवं ग्रामीणों से देवघर व्यवहार न्यायालय स्थित “न्याय सदन” भवन में चल रहे विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यों का लाभ लेने का आह्वान किया।
डिप्टी चीफ एलएडीसी राहुल कुमार सिंह ने तरह-तरह के कानूनी प्रावधानों से लोगों को अवगत कराते हुए डालसा द्वारा दी जाने वाली विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी।
ज्ञात हो कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, देवघर के तत्वावधान में व डालसा के अध्यक्ष- सह- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार एवं सचिव संदीप निशित बारा के मार्गदर्शन में कई दिनों से यह चलंत लोक अदालत-सह- विधिक जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न भागों में घूम-घूम कर एक ओर जहां लोगों की विधिक समस्याओं का निदान करने के लिए निःशुल्क विधिक परामर्श देने का कार्य कर रहा है, वहीं आपसी बातचीत के आधार पर व समझौता के आधार पर मामलों के त्वरित निष्पादन की दिशा में भी लोगों को प्रेरित कर रहा है।


