
Deoghar: शुक्रवार को मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसी हालत को गंभीर देखते हुए ऑन ड्यूटी चिकित्सक के द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिये हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घायल का नाम विनोद कुमार साह है जो बांका जिला के कटोरिया थाना क्षेत्र के भैरवगंज धरारा गावं का रहने वाला है।

घायल के परिजनों ने बताया कि विनोद सुबह घर से शौच के लिये निकला था। उसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाये बैठे गोतिया के कुछ लोगों ने उसपर लाठी- डंडा और तलवार से वार कर दिया। इस घटना में विनोद को गंभीर चोट लग गयी। तलवार के वार से उसके हाथों की उंगलिया कट गयी।
बताया जाता है कि मारपीट के क्रम में कटोरिया थाना की गश्ती दल वहां पहुंच गयी। पुलिस के पहुंचते ही मारपीट करने वाले सभी लोग मौके पर से फरार हो गये। आनन फानन में घायल को देवघर सदर अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया है।
इधर कटोरिया पुलिस मामले की जांच -पड़ताल में जुट गयी है।


