
Deoghar : देवघर में सांप के काटने से एक युवक की मौत हो गई। हजारीबाग जिला के बरही थाना क्षेत्र के बेदंगी गांव का रहने वाला है। वह पॉक्लेन वाहन में हेल्पर का काम करता था। मृतक का नाम 18 वर्षीय लखन भुईयां है। उसकी मौत देवघर सदर अस्पताल लाने के क्रम में रास्ते में ही हो गई।

उसके साथ देवघर सदर अस्पताल आये मनोज कुमार यादव ने बताया कि जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना अंतर्गत माधोपुर कोरिहा गांव में तालाब खुदाई का काम चल रहा था। तालाब खुदाई करने वाले सभी स्टाफ गांव के ही स्कूल में रात को जमीन पर बिछावन लगाकर सोते थे। लखन भी वही सोता था।

शनिवार की रात को खाना खाने के बाद सभी स्टाफ के साथ लखन भी साथ में सो गया। सोया अवस्था में ही देर रात को उसे सांप ने काट लिया।
अचानक उसे दस्त और उल्टी होने लगी। आनन फानन मैं उसे देर रात को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां देखने के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गई है।


