
Deoghar: जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा गांव के पास बाईपास रोड पर बाइक ने दो बच्ची को टक्कर मार दिया। जिसमें नौ वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई। वहीं एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के संबंध में बताया गया कि कोरियासा गांव की ही अनुष्का और पायल घर के पास सड़क पार कर रही थी। इस दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को धक्का मार दिया। बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे में बाइक सवार भी गिरकर घायल हो गये। आसपास के लोगों ने दौड़कर बाइक सवार व बाइक को पकड़ लिया। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।

दोनों घायल बच्चियों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच करने के बाद डाक्टर ने पायल को मृत घायल कर दिया।
वहीं घटना के बाद लोगों ने विरोध में मुआवजा की मांग को लेकर मृतका के शव को सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर कुंडा थाना प्रभारी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। तमाम प्रयास के बाद भी जाम नहीं हटाया गया। तब विधायक सुरेश पासवान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। वहीं उन्होंने मृतक के स्वजनों को अपनी ओर से 25 हजार और घायल के स्वजनों को पांच हजार रुपए देने की घोषणा की। लेकिन लोग सरकारी स्तर पर मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर अड़े रहे। लगभग चार घंटे तक जाम लगा रहा। काफी मशक्कत के बाद रात साढ़े आठ बजे हटाया जा सका। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही।
इधर मृतका के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है।



