
Deoghar: पिछले कई महीनों से देवघर में आधे दर्जन पदाधिकारियों के पद खाली हैं। इसमें डीडीसी, डीआरडीए डायरेक्टर, विशेष भू-अर्जन पदाधिकारी, डीसीएलआर, जिला कृषि पदाधिकारी व एनडीसी के पद शामिल है।

31 जनवरी को डीडीसी नवीन कुमार रिटायर हुए हैं, उसके बाद नये डीडीसी की देवघर में पोस्टिंग नहीं हुई। डीडीसी का प्रभार डीसी के पास है। देवघर में डीआरडीए डायरेक्ट की पोस्टिंग तीन वर्ष से नहीं हुई है। डीआरडीए डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार डीएसओ नरेश रजक के पास है. डीसीएलआर के प्रभार में एसडीओ रवि कुमार हैं। एनडीसी के अतिरिक्त प्रभार में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार सिंह हैं।

विशेष-भूअर्जन पदाधिकारी व विधि शाखा के अतिरिक्त प्रभार में जिला भू-अर्जन अमर प्रसाद हैं।
जिला कृषि पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार जिला उद्यान पदाधिकारी यश राज के पास है. इधर 12 मार्च को डीटीओ अमर जोन आईंद का भी तबादला हो गया। अभी तक डीटीओ का प्रभार भी किसी पदाधिकारी को नहीं मिला है।
देवघर में पदाधिकारियों का पद खाली रहने की वजह एक-एक पदाधिकारी के जिम्मे दो से तीन अतिरिक्त प्रभार है।
बताया जाता है कि पदाधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में रहने के कारण मार्च में इन दिनों कार्यालय में बिल से योजनाओं की फाइल प्रभावित हो रही है। कई योजनाओं को समय पर पूरा करने की चुनौती बनी हुई तो कई पदाधिकारियों के लिए मार्च में बिल समय पर कोषागार में भेजने की चुनौती बनी हुई है। पदाधिकारियों के जिम्मे अतिरिक्त प्रभार रहने की वजह से कार्यालय से संबंधित कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।



