
Deoghar: देवघर सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी। मृतक का नाम मो. बारीक उर्फ मो. खुबराज है जो जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के पनाहकोला का रहने वाला है।

पुलिस को दिये बयान में मृतक के भाई मो. आरिफ उर्फ मो. साहेब ने कहा है कि 16 फरवरी के शाम करीब आठ बजे उसका भाई पनाह कोला मोड़ के पास अफजल चाय दुकान में चाय पी रहा था। उसी क्रम में पनाह कोला निवासी मो. गोलू ने गाली-गालौज करते हुए मुक्के से उसके भाई के मूंह पर मार दिया। जिससे वह लड़खड़ा कर पिछे सिर के बल गिर गया। इस घटना में उसके भाई के सिर में गंभीर चोट लग गयी और बहुत ज्यादा खून निकलने लगा।

आनन फानन में पहले उसे मधुपुर अनुमंडल अस्पताल में इलाज के लिये लेकर गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया।
देर रात को उसे इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां इलाज के क्रम में सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गयी। इधर नगर थाना पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।


