
Deoghar: फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को कॉल कर अपने झांसा में लेकर ठगी करने वाले साइबर ठग गिरोह के सात सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से आठ मोबाइल फोन और 14 सिम कार्ड बरामद किया गया है।

पकड़े गए आरोपितों में जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के गोनैया गांव निवासी खुशवंत कुमार दास, देवीपुर थाना क्षेत्र के बेलटिकरी गांव निवासी रमेश दास, सारठ थाना क्षेत्र के चरकमारा गांव निवासी मनोज कुमार दास, पथरौल थाना क्षेत्र के सिमरातरी गांव निवासी संजीत कुमार दास, खागा थाना क्षेत्र के रघुवाडीह गांव निवासी अलीमुद्दीन अंसारी, जसीडीह थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी अमित दास और इसी थाना क्षेत्र के जमनी गांव निवासी ओमकार सिंह शामिल हैं।

इनके पास से बरामद मोबाइल के पांच नंबर प्रतिबिंब पोर्टल पर दर्ज हैं। इनके उपर पहले से ठगी की शिकायत दर्ज है। इस आरोपितों को जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के घोरलास जंगल से पकड़ा गया है। पूछताछ के क्रम में इन आरोपितों ने बताया कि ये फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को काल करते थे।
उन्हें उनका एटीएम बंद हो जाने की बात कहकर अपने झांसा में ले लेते थे। उसके बाद एटीएम चालू करने की बात कहकर ओटीपी हासिल कर ठगी का शिकार बनाते थे। पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।


