
Deoghar: देवघर जिला के मधुपुर थाना क्षेत्र के सलैया गांव के पास एक 20 वर्षीय नवविवाहिता आशु कुमारी की मौत बकुलिया झरना में डूबने से हो गई।

पुलिस ने बताया बावनबीघा मधुपुर निवासी शंकर राय की पत्नी आशु कुमारी, अपनी ननद मानू कुमारी और उसकी सहेली के साथ बकुलिया झरना पिकनिक मनाने और घुमने गई थी। इस दौरान आशु कुमारी झरना के पास गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। हो हल्ला सुन जबतक ग्रामीण वहां पहुंचे आशु गहरे पानी में डूब चुकी थी और उसकी मौत हो गयी थी।

ग्रामीणों की सूचना पर इंस्पेक्टर इंचार्ज सह थाना प्रभारी त्रिलोचन तमसोय, एएसआई सामंत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेजा है।
आशू का विवाह ढाई माह पूर्व हुआ था। उसका मायका धनबाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


