Deoghar: देवघर में 22वें पुस्तक मेला का भव्य आगाज हो चुका है। बीएड कॉलेज मैदान में 11 जनवरी से 21 जनवरी 2025 तक आयोजित 22वें पुस्तक मेला का उद्घाटन शनिवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा आज के नौजवानों में पुस्तकों को पढ़ने की रुचि कम होती जा रही है। ऐसे में आयोजकों द्वारा बेहतरीन कार्य किया गया है। जहां नौजवान किताबों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। जिसके लिए पूरी आयोजक टीम और सांसद निशिकांत दुबे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आपलोग धन्यवाद के काबिल हैं जिन्होंने निशिकांत दुबे जैसी शख्सियत को चुन कर लोकसभा भेजा है।

इस दौरान सांसद निशिकांत दुबे ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जिले में अंबेडकर के नाम पर दर्जनों लाइब्रेरी बनाया जाए। जिसके लिए एमपीलैड फंड के 50 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने डीसी से कहा कि कोशिश कीजिए कि जिले में 50 लाइब्रेरी बनाया जाए। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि संथाल परगना में अंबेडकर के नाम पर बनने वाले सभी लाइब्रेरी के लिए वो राशि देंगे।
सांसद ने देवघर पुस्तक मेला को आने वाले दिनों में इतना भव्य बनाने को कहा कि दिल्ली, मुंबई और जयपुर का मेला इसके आगे छोटा लगे। और इसमें मेला टीम की वो पूरी मदद करेंगे।
पुस्तक मेला में देश के नामचीन प्रकाशकों और लेखकों की किताबें मौजूद हैं। अलग अलग स्टॉल में किताब प्रेमी पहले दिन से ही पहुंच रहे हैं।



