
Deoghar: देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल क्षेत्र के पथरोल थाना इलाके में मांझीडीह में दो बाइक पर सवार 6 हथियार बंद नकाबपोश अपराधियों ने सीएसपी संचालक को गोली मारकर घायल कर दिया और 1.60 लाख रुपए लूट लिए। बदमाश कर्माटांड़ की ओर फरार हो गए।

घायल एसबीआई सीएसपी संचालक का नाम नीरज कुमार है जो मांझीडीह का ही रहने वाला है। उसके दाहिने जांघ में गोली लगी है जो आर पार हो गई है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

घायल सीएसपी संचालक नीरज कुमार ने बताया कि मंगलवार के दिन के 03 बजे वह अपने सीएसपी केंद्र में बैठा हुआ था। इस दौरान दो पल्सर बाइक पर सवार छह नकाबपोश अपराधी सीएसपी केंद्र के पास पहुंचे। बताया कि सभी अपराधी हेलमेट और मुंह पर नकाब लगाए हुए थे। उनमें से तीन अपराधी हथियार लेकर अंदर घुस गया और तीन बाहर ही खड़ा रहा। अंदर घुसते ही तीनों अपराधियों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया और कैश की मांग करने लगे।
बताया कि पिस्तौल सटाकर अपराधियों ने काउंटर से 1.60 लाख रूपये लूट कर बाहर निकालने लगे। क्रम में वह अपराधियों को पकड़ने के लिए बाहर निकाला। इस दौरान अपराधियों ने लगभग 5 -6 राउंड फायरिंग कर दी। जिसमें से एक गोली उसके दाहिने जांघ में लग गई और वह घायल हो गया। लूट को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी कर्माटांड की ओर फरार हो गए।
बताया है कि घटनास्थल से पुलिस ने चार-पांच की संख्या में खोखा भी बरामद किया है। घटना के बाद पथरौल पुलिस जांच में जुट गई है।


