
Deoghar: साल 2024 खत्म होने को है। जाते जाते इस साल के अंत में देवघर को एक और सौगात मिली है। बाबा बैद्यनाथ की नगरी देश की आर्थिक राजधानी से सीधी उड़ान के जरिए करीब आ गई है। देवघर से मुंबई उड़ान की शुरुआत मंगलवार से होने जा रही है। देवघर एयरपोर्ट पर इस विमान सेवा के शुभारंभ को लेकर भव्य तैयारी की गई है।

तीन दिसंबर को सुबह साढ़े 10 बजे केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री राम नायडू मुम्बई-देवघर के इंडिगो प्लेन को दिल्ली से ऑनलाइन झंडी दिखाएँगे। इस मौके पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी उनके साथ दिल्ली में मौजूद रहेंगे।

देवघर से मुंबई उड़ान सेवा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। देवघर से मायानगरी की यात्रा महज दो घंटा 40 मिनट में पूरी होगी। मुंबई से यह विमान दोपहर एक बजे देवघर लैंड करेगी और दोपहर 1:30 बजे टेकआफ करेगी।
मंगलवार को 164 यात्री देवघर आएंगे और 163 यात्री मुंबई जाएंगे। पहले दिन पहुंच रहे यात्रियों को प्रति टिकट 8406 रुपया चुकता करना पड़ रहा है। देवघर से मुंबई जाने वाले यात्री को एक सौ रुपया अधिक यानी 8591 रुपया प्रति टिकट देना पड़ेगा।
सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा है ” माननीय प्रधानमंत्री जी की देन देवघर एयरपोर्ट पर कल मुम्बई से इंडिगो की पहली सवारी आएगी ।कल सुबह 10.30 में केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री राम नायडू जी मुम्बई के प्लेन को दिल्ली से ऑनलाइन झंडी दिखाएँगे ।मैं भी उनके साथ दिल्ली में मौजूद रहूँगा ।आने जाने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएँ ।इतने कम समय में देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली,मुम्बई,बंगलुरू,कोलकाता,पटना व रांची जैसे शहरों से विमान का आना अंग प्रदेश के विकास में चार चाँद लगा रहा है।”
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 जुलाई, 2022 को देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे देवघर एयरपोर्ट से यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं।



