Deoghar: देवघर साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया। गिरफ्तार होने वालों में जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र के नावाडीह नीतिश कुमार दास व गुगुल कुमार दास बीचकोड़वा निवासी अमित कुमार शामिल है।

इन साइबर ठगों के पास से नौ मोबाइल, 11 सिम कार्ड व एक प्रतिबिंब सिम बरामद किया गया है। साइबर थाना की पुलिस को साइबर ठगों के बारे में सूचना मिली थी। जिसके आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर इन सभी साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। पकड़े जाने के बाद सभी को पूछताछ के लिए साइबर थाना लाया गया। यहां पूछताछ की गई।

सभी ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की । बताया कि फर्जी क्रेडिट कार्ड पदाधिकारी बनकर लोगों को क्रेडिट कार्ड केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस बरामद मोबाइल को खंगालने में जुटी है। पुलिस को मोबाइल से साइबर अपराध से जुड़े कई साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। फिलहाल गिरफ्तार साइबर ठगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



