
Deoghar: 24 अक्टूबर से चार महीनों के लिए जसीडीह और बैद्यनाथधाम के बीच सभी मेमू ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रद्द कर दी गयी हैं। बैद्यनाथधाम-जसीडीह रेल लाइन पर ट्रेन का परिचालन चार माह तक पूरी तरह बंद रहेगा।

दरअसल, जसीडीह बाइपास लाइन निर्माण व देवघर के पास रेल अंडर रेल (आरयूआर) ब्रिज के निर्माण को लेकर इस रेल लाइन को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
पुरनदाहा और बैद्यनाथधाम स्टेशन के पास सब-वे का निर्माण :

वर्तमान में, बायपास के साथ-साथ दो लो हाइट सब-वे (एलएचएस) निर्माणाधीन हैं। एक पोल नंबर-5 के पास पुरनदाहा में और दूसरा बैद्यनाथधाम स्टेशन के पोल नंबर-6 के पास बनाया जा रहा है। इन दोनों एलएचएस के बनते ही संबंधित रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद कर दिये जायेंगे।
एमपी निशिकांत का प्रयास लाया रंग
बता दें कि कभी बैद्यनाथधाम स्टेशन बाबानगरी की पहचान का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। समय के साथ इसकी उपेक्षा होती गयी और यह महत्वपूर्ण स्टेशन बंद होने के कगार पर पहुंच गया। इसे फिर से संवारने की दिशा में प्रयास शुरू हुए। अमृत भारत योजना के तहत इस स्टेशन के विकास की बात सामने आयी, परंतु योजना का क्रियान्वयन नहीं हो सका। इसके बाद, सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने लगातार लोकसभा में देवघर और बैद्यनाथधाम स्टेशन के विकास के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उनके प्रयास से सत्संग आरओबी, अंडरपास और वंदे भारत ट्रेन की स्वीकृति मिली। इसके बाद, बैद्यनाथधाम स्टेशन के पुनर्विकास का काम गति पकड़ने लगा।
देवघर-जसीडीह के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
इस दौरान, 03562 और 03678 बैद्यनाथधाम-आसनसोल मेमू स्पेशल ट्रेनें बैद्यनाथधाम स्टेशन की जगह जसीडीह से संचालित होंगी। हालांकि, इसकी जगह यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 24 अक्टूबर से जसीडीह और देवघर स्टेशन के बीच छह नयी पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत की है। ये ट्रेनें नियमित अंतराल पर जसीडीह और देवघर के बीच चलेंगी, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जसीडीह-देवघर पैसेंजर स्पेशल ट्रेन का समय
जसीडीह-देवघर पैसेंजर स्पेशल ट्रेन जसीडीह स्टेशन से 03:35 बजे, 08:45 बजे, 12:30 बजे, 14:40 बजे, 17:45 बजे और 22:50 बजे खुलकर 03:50 बजे, 09:05 बजे, 12:45 बजे, 15:00 बजे, 18:00 बजे और 23:05 बजे देवघर पहुंचेगी. वहीं देवघर-जसीडीह पैसेंजर स्पेशल देवघर से 04:00 बजे, 09:30 बजे, 12:55 बजे, 15:50 बजे, 18:25 बजे और 23:30 बजे खुलकर क्रमशः 04:20 बजे, 09:50 बजे, 13:10 बजे, 16:05 बजे, 18:45 बजे और 23:45 बजे जसीडीह पहुंचेगी।
बैद्यनाथधाम स्टेशन पर दूसरा प्लेटफॉर्म बनाने पर विचार :
रेलवे सूत्रों के अनुसार, पहले इस स्टेशन पर तीन लाइनें हुआ करती थीं, लेकिन समय के साथ इनमें से दो लाइनें बंद कर दी गयीं। अब इन तीनों लाइनों को फिर से बहाल करने, ट्रैक को दुरुस्त करने और प्लेटफॉर्म के विस्तार पर भी विचार हो रहा है। प्लेटफॉर्म के विस्तार से लंबे समय से प्रतीक्षित 12 बोगियों की जगह 24 बोगियों वाली ट्रेनें इस स्टेशन से संचालित हो सकेंगी। इसके साथ ही, तीसरा प्लेटफॉर्म भी बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।


