
Deoghar: देवघर शहर में लगातार हो रही छिनतई की घटना में शामिल गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित बिहार राज्य के कटिहार के कोढ़ा गिरोह के सदस्य है। गिरफ्तार हुए आरोपितों में कटिहार जिला के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नयाटोला जुरागंज निवासी निहाल कुमार यादव व मिथुन कुमार यादव शामिल है।

पुलिस ने दोनों के पास से दो चेन (सोने जैसा दिखने वाला चेन), दो मोबाइल फोन बरामद किया है। साथ ही बिलासी टाउन स्थित एक कोचिंग सेंटर के बाहर महिला से छिनतई के दौरान आरोपित द्वारा पहने गए शर्ट व एक एसबीआइ का खाली पासबुक को भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपित निहाल के खिलाफ आठ मामले दर्ज है। ये सभी मामले दरभंगा जिला के बहेरी थाना में चोरी व छिनतई का मामला दर्ज है। निहाल 2015 से ही इन तरह की आपराधिक वारदात में शामिल रहा है।

वहीं मिथुन के खिलाफ तीन मामले दर्ज है। जिसमें साहेबगंज जिला के बड़हरवा व बोरिया थाना में एक-एक और जमशेदपुर के आजादनगर थाना में एक मामले दर्ज है। दोनों जेल भी जा चुके है। गिरफ्तारी के संबंध में एसडीपीओ ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि शहर में हो रही लगातार छिनतई की घटना को लेकर एसपी राकेश रंजन द्वारा एसपीडीओ के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया। इस टीम में नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसआइ ओम प्रकाश सिंह व प्रशांत कुमार सहित जवानों को शामिल किया गया था। साथ गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सेल की भी मदद ली गई। एसआइटी लगातार इन अपराधियों पर नजर बनाए थी। पुलिस को आरोपितों के बारे में मिली गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपितों से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया। साथ ही पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी दी। पुलिस उन सभी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। हालांकि पुलिस ने गिरोह द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले मोटरसाइकिल को बरामद नहीं किया।


