
Deoghar: बरनवाल समाज के साथ गोड्डा से भाजपा प्रत्याशी डॉ निशिकांत दुबे की रविवार को बैठक हुई। यह बैठक बरनवाल धर्मशाला में हुई। इस दौरान बरनवाल समाज के लोगों ने डॉ निशिकांत दुबे का जोरदार तरीके से स्वागत किया।

मौके पर डॉ निशिकांत दुबे ने कहा कि मैं हमेशा बरनवाल समाज के हर दुख-सुख में साथ रहता हूं और आगे भी रहूंगा। उन्होंने कहा कि देवघर व गोड्डा के लोग निःस्वार्थ भाव से मुझे 15 वर्षों से वोट देते आ रहे हैं। विपक्षी मेरे ऊपर अहंकार का आरोप लगाते हैं, जबकि पूरे देवघर व गोड्डा की जनता का विश्वास मेरे साथ है। जनता का विश्वास ही मेरा आत्मविश्वास है। इसी आत्मविश्वास के साथ हम गोड्डा लोकसभा का विकास करते रहते हैं।

क्यू कॉम्पलेक्स में बनेंगे बड़े-बड़े मंडप

डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर के हरेक समाज के लिए मानसरोवर में फेज-टू के क्यू कॉम्पलेक्स में बड़े-बड़े मंडप बनाये जायेंगे, सावन व भादो मेला के अलावा अन्य दिनों में यह मंडप खाली रहेगा, जिसमें पांच रास्ते होंगे। हर समाज के लोग इस मंडप में एक साथ कई विवाह समारोह, भोज, मुंडन सहित अन्य आयोजन कर पायेंगे।
लंदन की तर्ज पर बनेगा देवघर का टॉवर
बताया कि देवघर को जाम से मुक्त बनाने के लिए कई योजना है, देवघर जेल को तपोवन में शिफ्ट कर दिया जायेगा। शहर में जेल की जमीन पर शानदार पार्क बनेगा, जिसमें बाबा बैद्यनाथ की पूरी झांकी रहेगी। टावर चौक का चौड़ीकरण कर लंदन की तर्ज पर टावर बनाया जायेगा, जिसमें ट्रैफिक मुक्त एरिया में लोग शाम में घुमने आयेंगे, शिवलोक परिसर में भारत सरकार के फंड से फाइव स्टार होटल बनाने की योजना है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी देवघर बड़ा शहर बनेगा।
बनेगा रिंग रोड, लगेगा उद्योग
निशिकांत दुबे ने बताया कि बैजनाथपुर को जाम से मुक्ति के लिए रिंग रोड बनेगा, इसी रिंग रोड के किनारे पांच हजार एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर हाउसिंग कॉलोनी बनाया जायेगा। डॉ दुबे ने कहा कि देवघर में भूमि अधिग्रहण की समस्या से उद्योग नहीं लग पाता है। आने वाले दिनों 10 हजार एकड़ भूमि को उद्यमियों के लिए भूमि आवंटन कर उद्योग स्थापित करने की योजना है, जिससे रोजगार भी मिलेगा।
डॉ दुबे कहा कि दूसरे प्रत्याशियों के पास कोई विजन व मिशन नहीं है। एक ओबीसी वर्ग के पीएम नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट करें।



