
Deoghar: एक बार फिर साल 2024 में बाबा बैद्यनाथ धाम में कॉरिडोर निर्माण की चर्चा चुनावी माहौल को गर्म कर रहा है। चर्चा इस बात की है कि 2024 चुनाव में गोड्डा लोकसभा सीट से अगर चौथी बार भाजपा की जीत हुई तो बाबाधाम में कॉरिडोर का निर्माण तय है। हालाँकि इस चर्चा पर गोड्डा लोकसभा से बीजेपी उम्मीदवार सह सांसद निशिकांत दुबे ने पूरी तरह विराम लगाते हुए इसे विपक्ष द्वारा जनता को गुमराह करने की कोशिश बताया है।

निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा “पिछले यानि 2019 चुनाव में भी कॉरिडोर की बात कहकर लोगों को गुमराह किया । आज दुबारा 2024 में कॉरिडोर की बात कहकर विपक्ष गुमराह कर रहा है । 2019 में जो कहा वही दुबारा कह रहा हूँ,किसी क़ीमत पर कॉरिडोर नहीं बनेगा । क्यू कॉम्प्लेक्स ही हमारे लिए काफ़ी है ।”

कॉरिडोर बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, शिवगंगा से सीधे क्यू कॉम्प्लेक्स के कतार में लग जायेंगे कांवरिये
सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने बताया कि क्यू कॉम्प्लेक्स फेज-2 के निर्माण होने के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर का कॉरिडोर बनाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कांवरिये जैसे ही शिवगंगा पहुंचेंगे, वहां से स्नान कर सीधे क्यू कॉम्प्लेक्स में कतार में लग जायेंगे। इससे भीड़ पूरी तरह से नियंत्रण में रहेगी। कॉरिडोर की आवश्यकता ही नहीं होगी, इसलिए लोगों को अब संशय में रहने की जरूरत नहीं है। सावन व भादो मेला के अलावा अन्य दिनों में इस क्यू कॉम्प्लेक्स फेज-2 में एक साथ 50 से 100 विवाह, उपनयन, मुंडन आदि आयोजनों की सुविधा होगी। इससे आसपास के दुकानदारों को रोजगार भी मिलेंगे।
विपक्ष को जनता देगी जवाब
सांसद ने साफ़ कहा कि किसी क़ीमत पर कॉरिडोर नहीं बनेगा। विपक्ष आम जनता को गुमराह करने की कोशिश में जुटा है। लेकिन, आज की जनता समझदार है और वो इन्हें इस चुनाव में अपने वोट से सबक सिखाने का काम करेगी।


