
Deoghar: 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नगर थाना क्षेत्र के देवघर कालेज मैदान में स्थित कुआं से बरामद शव की पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि शव की पहचान कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद हत्या के कारण का पता चल सकेगा।

बता दें कि बुधवार सुबह कॉलेज मैदान स्थित कुआं से 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। उसने गहरे नीले रंग का पैंट व हल्के हरे रंग का शर्ट पहना हुआ था और उसके गले में लाल रंग का धागा बंधा हुआ था। मृतक के मुंह में साड़ी का फटा हुआ टुकड़ा बंधा हुआ मिला है। उसका हाथ भी पीछे से बंधा हुआ था। रस्सी से उसका हाथ बंधा हुआ था। मृतक के दाएं हाथ में मंगल प्लस सविता व बाएं हाथ में एमजी लिखा हुआ गोदना किया हुआ है। शव का सिर व धड़ का हिस्सा बोरा में भरा हुआ था और पैर का हिस्सा बाहर था। शव की खराब हालत को देखकर आशंका व्यक्त की गई थी कि हत्या दो-तीन पहले की गई होगी। हत्या किसी अन्य स्थान पर करने का अनुमान लगाया गया। साक्ष्य छिपाने की नीयत से कुआं में लाकर फेंक दिए जाने की भी आशंका व्यक्त की थी।



