
Godda : गोड्डा लोकसभा सीट झारखण्ड के 14 लोकसभा सीटों में कुछ ज्यादा ही हॉट सीट माना जाता है. गोड्डा लोकसभा से एक तरफ भाजपा ने अपने तीन बार के सांसद निशिकांत दुबे को चौथी बार मैदान में उतारा है. तो वहीँ इंडिया गठबंधन ने काफी मशक्कत के बाद महागामा से कांग्रेस की महिला विधायक दीपिका पाण्डेय सिंह को टिकट दिया था. और यहीं से शुरू हुई महागठबंधन की सरदर्द.

दरअसल गोड्डा लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन की तरफ से तीन प्रबल दावेदार ने अपनी दावेदारी ठोकी थी .पहले तो जामताड़ा विधायक के पिता तथा गोड्डा से सांसद रह चुके फुरकान अंसारी, दुसरे निशिकांत के हाथों तीन बार शिकस्त खा चुके पोडैयाहाट विधायक प्रदीप यादव और तीसरे कांग्रेस की समर्पित दीपिका पाण्डेय सिंह जो पहली बार महागामा से विधायक बनी थी.

दीपिका को टिकट मिलते ही प्रदीप यादव के समर्थकों द्वारा जगह जगह बैठक कर दीपिका का विरोध करना शुरू किया गया. इतना ही नहीं कांग्रेस के प्रदेश और केन्द्रीय नेतृत्व तक भी प्रदीप के समर्थकों द्वारा धमकी भरी सन्देश भिजवाया गया कि अगर टिकट प्रदीप को नही दिया गया तो सभी कार्यकर्ता सामूहिक त्यागपत्र दे देंगे.
नतीजा ये हुआ कि कांग्रेसी आलाकमान ने प्रदीप और उनके समर्थकों के चक्रव्यूह में फंसकर अपना इरादा बदला और दीपिका से छीनकर प्रदीप यादव को टिकट दे दिया.
बहरहाल, अब भाजपा के सांसद निशिकांत ने अपने X अकाउंट पर ये लिखा था कि अगर प्रदीप उनके विपक्ष के उम्मीदवार बनाए गए तो वे चाय पियेंगे और क्रिकेट खेलेंगे. देखना दिलचस्प तो ये होगा कि तीन बार शिकस्त खा चुके प्रदीप यादव इस बार निशिकांत के लिए कितनी चुनौती खड़ी करते हैं.


