
Deoghar: सोमवार की देर रात को देवघर नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा तालाब के पास एक ह्रदय विदारक घटना घटी। जहां एक दंपती की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों पति पत्नी की लाश उनके घर से लहूलुहान हालत में जब्त किया गया है। हत्यारोपी अमन महथा उर्फ फुचका को पुलिस ने घर के अंदर से ही गिरफ्तार कर लिया है। युवक इसी इलाके का रहने वाला है। हत्या लोहे के रड से हमला कर की गई है। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

बताया जाता है कि मृतक 60 वर्षीय अनुज कुमार बरनवाल और उनकी पत्नी 55 वर्षीय पत्नी बासमती देवी मूल रूप से बिहार के जमुई जिला के झाझा थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार के रहने वाले थे। करीब दस वर्ष से देवघर के सिंघवा में घर बनाकर अपनी पत्नी के साथ रहते थे। घर में ही एक जनरल स्टोर था, जिसमें पत्नी बैठती थी। वहीं अनुज का सरकारी बस स्टैंड के पास एक पान का गुमटी था।

सोमवार की देर रात मृतक दंपती के घर के पास रहने वाले रिश्तेदार मुकेश बरनवाल को पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही हैं। जिसके बाद मुकेश ने रात करीब 12:16 बजे उसने दंपती के फोन पर काॅल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। उसके बाद आसपास के लोगों के साथ मुकेश भी वहां पहुंचा। घर के अंदर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। लोगों को घर के अंदर झांक कर देखने पर युवक भी नजर आया। बताया जाता है कि करीब एक बजे तक घर के अंदर से चीखने- चिल्लाने की आवाज आती रही। महिला ज़्यादा चीख रही थी।उसके बाद अचानक माहौल शांत हो गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची। इस बीच लोगों ने घर की दीवार पर छेद कर और छत के रास्ते अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफल नहीं हो पाए। बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घर में मौजूद दुकान के शटर को तोड़ा और अंदर घुसे। अंदर दोनों का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। जिन्हें देखते ही लोगों की चीखें निकल पड़ी। उनके सिर व चेहरे पर गहरे जख्म के निशान थे। पत्नी का शव कमरे के दरवाजे के पास, तो पति का शव बाथरुम के पास गिरा हुआ था। अनुज के हाथ में घर की चाबी थी। वहीं पास में हत्या में प्रयोग किया गया रॉड रखा हुआ था।
इधर, पुलिस ने युवक को खोजना शुरू किया। जो कमरे में बने बॉक्स के अंदर छुप कर बैठा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घर अंदर से बंद था। आरोपित ने घटना को अंजाम देने के बाद घर को अंदर से पूरी तरह से बंद कर दिया था। उसने कमरे के वेंटिलेटर को तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन जब उसे पता चला कि लोगों ने घर को चारों ओर से घेर लिया है और अगर वह बाहर निकला तो उसे लोग जान से मार देंगे तो वह अंदर ही छुपकर बैठ गया। उसे पकड़ने के बाद पुलिस को लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। लोग काफी गुस्से में थे और वे आरोपित को मार देना चाहते थे। इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी की। पुलिस किसी तरह से आरोपित को पकड़कर थाना लाई।
बताया जाता है कि आरोपित युवक ड्रग्स के नशे का आदि था।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे देवघर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी सत्येन्द्र प्रसाद, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप, कुंडा थाना के एसआइ संतन कुमार, एसआइ ओपी सिंह, कुमार अभिषेक, अनुप कुमार, अनिमानंद रौशन टोपनो, यशवंद सिंह, अविनाश कुमार, कपील, एएसआइ मनोज पासवान, रामानुज सिंह, एलबी पांडेय, मुकेश सिंह व अन्य मौके पर पहुंचे।
हालांकि, आरोपित अंदर कैसे घुसा इसकी जांच पुलिस कर रही है। कुछ लोगों का अनुमान है कि वह छत के रास्ते अंदर घुसा। कुछ का कहना था कि वह पहले से घर के अंदर में घुसा हुआ था। वहीं यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने दरवाजा पर दस्तक देकर उसे खुलवाया और अंदर घुसने के बाद उसने चोरी करने का प्रयास किया। अंदर लगे मोटर के पास ऐसे निशान मिले जिससे लगता है कि मोटर चोरी करने का प्रयास किया गया। वहीं दुकान के गल्ला को भी खोलकर पैसा चोरी करने का प्रयास किया गया। इसका विरोध करने पर उसने पहले अनुज की हत्या कर दी। बाद में पत्नी बचाने आई तो उसने उसे भी मार दिया। हालांकि आसपास के लोगों का कहना था कि दंपति हर दिन रात को 7:00 से 7:30 बजे के बीच दुकान व घर के दरवाजा को अंदर से बंद कर लेते थे। चूंकि उस घर में उनके अलावा और कोई नहीं रहता था। दोनों की चार बेटियां हैं और सभी की शादी हो चुकी है।
लोगों ने बताया कि आसपास नशेडियों का जमावड़ा रहता था। इस कारण डर से वे रात को दरवाजा नहीं खोलते थे। ऐसे में किस परिस्थिति में उन्होंने आधी रात के करीब दरवाजा खोल दिया ये जांच का विषय है। चूंकि मृतक के हाथ में घर की चाभी थी तो इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने दरवाजा को खोला और उसके बाद ये घटना हुई। क्योंकि और किसी रास्ते से युवक के अंदर घुसने का कोई निशान नहीं मिला है। बताया जाता है कि युवक ने प्रारंभिक पूछताछ में हत्या करने की बात कबूल कर ली है।
पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में उसके साथ और कोई तो शामिल नहीं था। वह घर के अंदर कब और कैसे घुसा। उसने दोनों की हत्या क्यों कर दी। वह रॉड अपने साथ लेकर आया था या फिर वह उसे घर में ही मिल गया। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
इधर, इस घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। लोग सोमवार की रात के भयावह मंजर को देख डर सहम से गये हैं।


