
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना इलाके के बैजनाथपुर चौक पर स्थित एक भूखंड पर काम करने के दौरान जेसीबी चालक पर गोली चलाने की घटना घटी थी। इस घटना में जेसीबी चालक मंटू यादव उर्फ बबलू कुमार यादव के बाएं कनपटी को छूते हुए गोली निकल गयी थी। इस घटना को लेकर रिखिया थाना में गांधी नगर बैजनाथपुर निवासी मंजू देवी ने मामला दर्ज कराया है।

कहा है कि दत्त बाबू के जमीन जिसका जमांबदी नंबर 18, मौजा नंबर 583, दाग नंबर 96 डिसमिल है। उक्त जमीन का देखरेख का जिम्मा उसे दिया गया था। कहा है कि 4 फरवरी को दिन के 12.30 बजे के आसपास बैजनाथपुर चौक स्थित दत्ता बाबू के जमीन के गेट के पास खड़ी थी। उक्त जमीन पर जेसीबी चालक मंटू यादव उर्फ बबलू कुमार यादव के द्वारा काम किया जा रहा था। उसी दौरान बाइक से तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और गेट में धक्का मारते हुए अंदर चला गया। उनमें से दो लोगों ने कमर पिस्टल निकालकर जान मारने की नियत से जेसीबी चालक पर गोली चला दी। जिससे जेसीबी वाहन का शीशा टूट गया और चालक भी घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सूनकर हल्ला- गुल्ला शुरू हुआ तो वे लोग भाग निकले।

कहा है कि 25 जनवरी को डहुआ मोनपुर निवासी पूर्व मुखिया राकेश झा, झौंसागढ़ी निवासी कार्तिक केशरी उक्त जमीन पर आया था और कहा था कि दत्त बाबू से कहना मुखियाजी को 25 लाख रूपया भेजवा देगा नहीं तो अंजाम बुरा होगा। इधर मामला दर्ज कर रिखिया पुलिस जांच में जुट गयी है।
विवादित जमीन पर हुए गोलीबारी की घटना के बाद अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी दीपाकंर चौधरी के आदेश पर धारा 144 लगा दिया गया है। विवादित स्थल पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करने का आदेश जारी किया गया है।


