
Deoghar: ठगों ने ठगी का नया तरीका निकाला है। अब पुलिस के भेष में दिन दहाड़े बड़ी घटना को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गुरुवार को सामने आया है। देवघर -जसीडीह मुख्यमार्ग पर दुमका रेलवे लाइन ओवरब्रिज के पास पुलिस की वर्दी में तीन ठगों ने मिलकर एक महिला से डेढ़ लाख से उपर की कीमत के जेवरात की ठगी कर ली। इसे लेकर भुक्तभोगी महिला नगर थाना क्षेत्र के राम जानकी मंदिर पुराना मीना बाजार निवासी उषा टेबरीवाल ने जसीडीह थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है।

मामले में कहा है कि गुरुवार को वह टोटो से देवघर से जसीडीह ट्रेन पकड़ने सुबह 10.15 बजे जा रही थी। पीड़िता के मायके में शादी समारोह होने के कारण वह जेवरात पहने हुए थी। टोटो जसीडीह के दुमका ओवरब्रिज समीप पहुंचने पर सड़क पर खड़ा पुलिस वर्दी में एक व्यक्ति ने रूकने का इशारा किया। इस दौरान टोटो चालक ने टोटो नहीं रोकने पर सड़क के बीचोबीच दो व्यक्ति खड़ा हो गया।जिससे विवश होकर रोक दिया। इस दौरान दोनों व्यक्ति ने महिला से कहा कि देवघर एसपी के आदेश पर कोई भी व्यक्ति जेवरात पहने कर सफर नहीं करेगा। वर्दी वाले युवक ने अपने आपको पुलिस वाला बताते हुए कहा कि ज्यादा ज्वेलरी पहनकर निकलना मना है। उसने उससे दो डायमंड जड़ित सोने की चूड़ी और एक सोने का चेन पहले खुलवा लिया। उसके उपरांत एक पेपर में लपेट कर उसके पर्स में डाल दिया और बोला की घर में जाकर पर्स देखिएगा।


महिला ने बताया कि थोड़ी दूर जाकर जब पर्स से उक्त पेपर को निकाल कर खोला तो उसमे एक नकली चूड़ी था। कहा है कि ठगी करने वाले का उम्र लगभग 40, एवम 50,55 वर्ष का था।
इधर, घटना की सूचना पाकर स्वजनो ने मौके पर पहुंचकर कर घटना की जानकारी जसीडीह थाना को दी। सूचना पाकर जसीडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार सदबल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी ली है। घटना को लेकर पीड़िता ने थाना को दिए आवेदन में जेवरात की कीमत लगभग साढ़े चार लाख बताई है। आवेदन लेकर जसीडीह पुलिस जांच में जुट गई है।



